धनरुआ प्रखंड परिसर स्थित एक विद्यालय में आठवीं की नाबालिग छात्रा के गर्भवती मिलने से हड़कंप मच गया। तबीयत खराब होने पर बहन छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बताया कि नाबालिग गर्भवती है। उसके बाद परिवार वालों के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार स्कूल में बुधवार को छात्रा की तबीयत अधिक खराब हो गई। ऐसे में विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद छात्रा की बहन स्कूल पहुंची और उसे जांच के लिए प्राथमिक हेल्थ सेंटर (पीएचसी) ले आई। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने किशोरी को गर्भवती बताया, जिसके बाद परिवार वालों के होश उड़ गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद छात्रा भी बिलखकर रोने लगी।

वहीं, किशोरी के गर्भधारण करने की बात गांव में आग की तरह फैल गई। उसके रिश्तेदार और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। सभी आरोपी का पता लगाने के लिए किशोरी से पूछताछ करने लगे।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने तीन दिन पहले ही अस्पताल में दिखवाने के लिए रसीद कटाई थी। वह महिला डॉक्टर से दिखाने को लेकर चक्कर लगा रही थी। बहन के आने के बाद उसकी जांच बुधवार को डॉ. कुमारी विभा ने की तो उसे गर्भवती बताया गया।
गर्भवती होने की सूचना पर हाथ छुड़ा भाग गई छात्रा
छात्रा की जांच के बाद बहन अस्पताल में ही ठहर गई। छात्रा को अस्पताल कर्मी आशा के साथ विद्यालय ले जाने को कहा गया। आशा कर्मी उसे लेकर स्कूल जाने के लिए निकली। स्कूल जाने के दौरान रास्ते में ही छात्रा हाथ छुड़ाकर भाग निकली। छात्रा पिछले कई महीने से घर भी नहीं गई थी।
छात्रा की तलाश जारी
घटना के बाद से विद्यालय का गार्ड अचानक फरार हो गया है। इस संदर्भ में वार्डेन रटी रटाई बात बोल रही है कि किशोरी के बारे में जानकारी नहीं है। इस संदर्भ में डॉक्टर का कहना है कि इसकी जानकारी वार्डेन को दे दी गई है। घटना के बाद से हड़कंप मचा है। छात्रा का अब तक सुराग नहीं मिला है।