सुशील बोले- कर्नाटक के परिणाम का बिहार पर नहीं होगा कोई असर, RJD-JDU के लोग भी PM बनाने के लिए नरेंद्र मोदी..

कही-सुनी खबरें बिहार की

प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा के चुनाव परिणाम का बिहार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

देश की जागरूक जनता विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में अलग-अलग तरह से मतदान करती है, इसलिए 2018 में राजस्थान-छत्तीसगढ में कांग्रेस को वोट देने वालों ने भी 2019 के संसदीय चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था।

मोदी ने कहा कि 2024 में राजद-जदयू के मतदाता भी नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बिहार में एकजुट होकर वोट देंगे। नीतीश कुमार का जनाधार खिसक चुका है। पिछले साल विधानसभा के तीन उप चुनावों में जनता जदयू को उसकी हैसियत बता चुकी है।

उन्होंने कहा कि सात दल मिल कर भी कुढनी और गोपालगंज में भाजपा को नहीं हरा पाए थे। इनमें से जो एक दल कर्नाटक में सरकार बनाने जा रहा है, उसकी बिहार में कोई बिसात नहीं।

इधर, जदयू और राजद ने भाजपा को घेरा

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने रविवार को कहा कि झूठे भाषण और भगवान ने कर्नाटक चुनाव में भाजपा की लुटिया डूबा दी। राजीव रंजन ने कहा कि भाजपा अब झूठे भाषण देने के बजाय लोगों की भलाई के लिए काम कर अपने वादे को पूरा करे।

वहीं, राजद प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा की हार विपक्षी एकता की बड़ी शुरूआत है। आने वाले दिनों विपक्ष की एकजुटता और मजबूत होगी।

जदयू प्रवक्ता हिमराज राम ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की हार से अब 2024 के लोकसभा की तस्वीर साफ हो गयी है। भाजपा के प्रति लोगों का लगाव कम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *