सीमांचल छान रहे तीन केंद्रीय मंत्री, सांसद-विधायक की तो गिनती ही नहीं, अमित शाह की पूर्णिया रैली की ऐसी है तैयारी

खबरें बिहार की जानकारी

सीमांचल की धरती से शुक्रवार को अमित शाह लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद करने वाले हैं। बिहार में सत्ता का गठबंधन टूटने के बाद पहली बार भाजपा की बड़ी रैली पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में हो रही है। शुक्रवार को जनभावना रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। रैली की सफलता के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सीमांचल में डटे हुए हैं। इसके अलावा भाजपा के सांसग सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी भी पूर्णिया पहुंच चुके हैं। वहीं संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल समेत संगठन के कई नेता रैली की सफलता के लिए दिन-रात लगे हुए हैं।

सीमांचल और कोसी के सात जिलों से दो लाख कार्यकर्ताओं का जुटान का दावा भाजपा के नेताओं के द्वारा किया जा रहा है। रैली की सफलता के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्य के पूर्व मंत्री सांसद और विधायकों की टीम सीमांचल में सात दिनों से कैंप कर लगातार लोगों को रैली में शामिल होने का न्यौता देती रही है। रैली में मंच पर केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी, सांसद और पूर्व मंत्री भी मौजूद रहेंगे। रंगभूमि मैदान में रैली की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। राजनीतिक हलकों में कुछ नेताओं के पाला बदलकर भाजपा में भी शामिल होने की चर्चा है।

दो दिनों की यात्रा पर सीमांचल आ रहे केंद्रीय मंत्री अमित शाह पूर्णिया में चार घंटे तो किशनगंज में 26 घंटे बीताएंगे। पूर्णिया में जनभावना रैली करेंगे जबकि किशनगंज में भाजपाइयों से मुलाकात करेंगे। नेपाल बार्डर तक जाएंगे और एसएसबी कैंपस में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों संग बैठक भी करेंगे। किशनगंज में माता गुजरी विश्वविद्यालय में रात्रि विश्राम और भोजन की व्यवस्था है।

चाक चौबंद सुरक्षा

अमित शाह के आगमन को लेकर सीमांचल में सुरक्षा घेरा मजबूत हो गया है। एनएसजी की टीम के रंगभूमि मैदान से लेकर किशनगंज तक पहुंच चुकी है। पुलिस प्रशासन भी चौकस है। एयरपोर्ट से लेकर रंगभूमि तक सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम किये गये हैं। सीमांचल के हजारों पुलिसकर्मी की रंगभूमि मैदान में ड्यूटी लगाई गई है। कला भवन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डीएम सुहर्ष भगत, एसपी दयाशंकर ने ब्रीफिंग भी की। अधिकारियों को दिशानिर्देश दिया गया।

स्वागत में सजा शहर

शाह के स्वागत में शहर को सजाया गया है। शहर में छोटे से बड़े नेताओं के सैकड़ों की संख्या में बोर्ड और होर्डिंग्स लगे हैं। भाजपा ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोक दी है। रंगभूमि मैदान के आसपास साफ-सफाई से लेकर रंग रोगन किया गया है। तोरण द्वार बनाए गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, पूर्व मंत्री मंगल पांडे और रामसूरत राय सरीखे नेता गुरुवार सुबह से लोगों के बीच जाकर रैली में शामिल होने का न्यौता दे रहे हैं।

एक नजर में कार्यक्रम….

-दिल्ली से सुबह 10.30 बजे रवाना होंगे
-12.10 बजे पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचेंगे
-12.15 में रंगभूमि मैदान के लिए रवाना होंगे
-12.30 से 1.30 तक सेफ हाउस में रहेंगे
-डेढ़ बजे अमित शाह का मंच पर आगमन होगा
-3  बजे रंगभूमि मैदान से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे
-3.15 बजे किशनगंज खगड़ा हेलीकॉप्टर से जाएंगे
-दोपहर 3.55 बजे माता गुजरी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे
-शाम 4 से 9 बजे तक भाजपाइयों के साथ बैठक तथा डिनर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *