गांव में रहने वाली एक लड़की । उम्र थी 14 साल। 10वीं क्लास में पढ़ती थी और घर के काम में हाथ भी बंटाती थी। अचानक एक दिन उसके गांव में एक फिल्म निर्देशक पहुंचे। वह अपनी सहेलियों के साथ उनसे मिलने पहुंची।
फिल्म निर्देशक को इस लड़की के एक्टिंग मटेरियल का अंदाजा हो गया। गांव की यह लड़की अचानक हीरोइन बन गयी। फिल्म रिलीज हुई तो उसने बॉक्स ऑफिस का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह लड़की रातों रात स्टार बन गयी।
ये कहानी है रिंकू राजगुरु की। रिंकू राजगुरू की फिल्म ‘सैरात’ ने भारतीय सिनेमा का एक नया इतिहास लिखा। भारत की यह पहली क्षेत्रीय फिल्म है जिसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया। कम बजट में बनने वाली इस फिल्म ने कमाई के मामले में हिंदी सिनेमा की कई चर्चित फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। मराठी फिल्म सैरात बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकब्सटर साबित हुई थी। यह फिल्म ऊंच-नीच की प्रेम कहानी पर आधारित है।
रिंकू राजगुरू महाराष्ट्र के शोलापुर जिले के अकलुज गांव की रहने वाली है। एक दिन मराठी फिल्मों के निर्देशक नागराज मुंजले अपने एक परिचित के पास अकलुज गांव पहुंचे। रिंकू को जब ये बात मालूम हुई कि उसके गांव में फिल्म निर्देशक आये हैं तो वह अपनी सहेलियों के साथ उनसे मिलने गयी।
नागराज ने रिंकू के अंदर छिपी अभिनय प्रतिभा को पहचान लिया। रिंकू को इससे पहले अभिनय का कोई अनुभव नहीं था। नागराज ने गांव में ही रिंकू का ऑडिशन लिया। कुछ नहीने के बाद रिंकू के घर नागराज का फोन आया कि उसे फिल्म सैरात में लीड रोल के लिए चुन लिया गया है। जब फिल्म की शूटिंग हुई। अप्रैल 2016 में फिल्म रिलीज हुई।
रिलीज होते ही ये फिल्म छा गयी। ये फिल्म बहुत बड़ी हिट साबित हुई। रिंकू रातों रात फिल्म स्टार बन गयी। जब ‘सैरात’ रिलीज हुई थी उस समय रिंकू की उम्र 15 साल थी और वह 10वीं क्लास में पढ़ती थी। फिल्म के रिलीज होने के बाद वह मशहूर तो हो गयी लेकिन उसका स्कूल जाना मुश्किल हो गया।
वह जब स्कूल जाने के लिए घर से निकलती तो रास्ते में लोगों की भीड़ लग जाती। यहां तक कि उसे देखने के लिए स्कूल के बाहर भी लोगों का हुजूम जमा रहता। कुछ दिनों के लिए उसे स्कूल जाना छोड़ना पड़ा। लेकिन उसने अपनी पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ने दिया।
रिंकू ने इसी साल 10वीं की परीक्षा फर्स्ट डिवीजन से पास की है। वह पढ़ने में भी तेज है। बचपन में वह डॉक्टर बनने का सपना देखती थी लेकिन किस्मत ने उसे कम उम्र में ही मशहूर अभिनेत्री बना दिया। चर्चित फिल्म निर्माता करण जौहर ने सैरात का हिन्दी वर्जन बनाने की घोषणा कर रखी है।