मोकामा से मिर्जा चौकी झारखंड बाॅर्डर तक नेशनल हाईवे भी फोर लेन चौड़ा होगा। 140 किमी लंबे इस एलाइनमेंट से दक्षिण बिहार की सूरत बदलेगी। गंगा नदी के दक्षिण तरफ पश्चिम से पूर्व बिहार की सीमा तक गाड़ियों की रफ्तार बढ़ेगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर की मांग को स्वीकार कर लिया है। मोकामा-लखीसराय-भागलपुर-कहलगांव-मिर्जा चौकी यानी झारखंड के बाॅर्डर तक इस नेशनल हाईवे की लंबाई 140 किमी है। वैसे मोकामा से मुंगेर तक सड़क 2 लेन चौड़ी हो चुकी है।
मुंगेर से भागलपुर होते मिर्जा चौकी तक सड़क भी 2 लेन चौड़ी की जा रही है। पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए 2 लेन चौड़ी सड़क पर गाड़ियों का गति बढ़ नहीं पा रही है। पटना से बाबाधाम (देवघर) की तरफ जाने के लिए सालों भर सैलानियों का दबाव रहता है।
यही नहीं पटना से लखीसराय, भागलपुर और कहलगांव जाने के लिए यह छोटा और आसान मार्ग है। ऐसे में इस सड़क को चौड़ा करना काफी जरुरी है। इस हाईवे से गंगा नदी पर नये चार बड़े पुल जुड़ने वाले हैं। इन पुलों से उत्तर से दक्षिण बिहार आने जाना सुगम होना है। फिलहाल मोकामा और भागलपुर मे दो लेन पुल से गाड़ियां आर-पार हो रही हैं।
वहीं चार नए पुल अगले कुछ वर्षों में चालू हो जाएंगे। मोकामा में सिक्स लेन पुल, मुंगेर में थ्री लेन पुल, सुलतानगंज में फोर लेन पुल और भागलपुर में 4 लेन पुल बनाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
बक्सर यूपी बॉर्डर से मोकामा तक 4 लेन
बक्सर से मोकामा तक पहले से ही 4 लेन राजमार्ग बन रहा है। इसमें पटना से बख्तियारपुर तक 52 किमी 4 लेन हाईवे चालू हो चुका है। वहीं बख्तियारपुर से मोकामा और पटना से बक्सर तक 4 लेन राजमार्ग का निर्माण शुरू है।
ऐसे में मोकामा से मिर्चा चौकी तक 4 लेन राजमार्ग की घोषणा हो जाने के बाद यूपी बार्डर से झारखंड बाॅर्डर तक यानी गंगा नदी के दक्षिण तरफ पश्चिम से पूर्व बिहार की दूरी सुगम हो जाएगी।