इंडियन कबड्डी एथलीट रिशांक देवदिगा कभी होटलों में टेबल साफ किया करते थे। आज कबड्डी ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अब वो कबड्डी के स्टार प्लेयर हैं। प्रो कबड्डी लीग में वो टीम यूपी योद्धा की ओर से खेल रहे हैं। रिशांक इन दिनों रांची में हैं।
यहां 16 सितंबर को पटना के खिलाफ वो खेलेंगे। रिशांक 2011 से प्रो कबड्डी लीग खेल रहे हैं। रिशांक कर्नाटक में पैदा हुए। जीवन यापन के लिए उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया। जीवन के शुरुआती दिनों में वे मुंबई के अंधेरी स्थित होटल में टेबल साफ किया करते थे।
उसी पैसे से उनका और परिवार का गुजारा चलता था। आज रिशांक के स्वागत में बड़े-बड़े होटलों में टेबल सजाया जाता है। कबड्डी ने उनकी जिंदगी पूरी तरह से बदल दी। रिशांक बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही कबड्डी खेलने का शौक था, लेकिन परिवार की माली हालत और जिम्मेदारियों के कारण वो कबड्डी नहीं खेल पाते थे।
कम उम्र में ही उन्होंने होटल में काम करना शुरू कर दिया था। एक दिन उन्होंने कबड्डी खेलने के लिए होटल का काम छोड़ दिया। किस्मत और मेहनत ने साथ दिया और उनका चयन स्टेट टीम में हो गया। इसके बाद इंडिया कैंप के लिए वे सेलेक्ट हुए और फिर नेशनल टीम में आ गए।
इस सीजन के लिए रिशांक को यूपी फ्रेंचाइजी ने साढ़े 45 लाख रुपए में खरीदा है। रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में प्रो कबड्डी खेला जा रहा है। यह प्रो कबड्डी लीग का पांचवां एडिशन है। रांची में 15 से 21 सितंबर के बीच ये मैच खेले जाएंगे। हर दिन दो मैच होगा। लीग में कुल 12 मैच होंगे।