पटना : चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को गांधी मैदान में रावण वध होगा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। 124 दंडाधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों, महिला और पुरुष बल की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे। लाखों लोगों के आने की संभावना है। जांच के बाद अंदर प्रवेश दिया जाएगा। गांधी मैदान के अंदर बने टावर से भी निगरानी होगी। इसके साथ ही सीसीटीवी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल, एसएसपी मनु महाराज, नगर आयुक्त अभिषेक सिंह, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ दशहरा कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल नोपानी, सचिव अरुण कुमार ब्रीफिंग में मौजूद थे।
जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि सभी दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी अपने आप को डीएम और एसएसपी समङों। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तैयारियों को देखने के लिए आ गए। इससे समझ लें कि सुरक्षा का मामला कितना संवेदनशील हैं। संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति मिलने पर उससे तुरंत निपटें। अफवाह न फैलने दें। सोशल साइट के कारण अफवाह एक सेकेंड में लाखों लोगों तक पहुंच जाती है। सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर बात न करें और श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार न करें। यातायात एसपी पीके दास ने यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक गेट पर दो-दो मजदूर दंडाधिकारियों की सहायता के लिए तैनात किए गए हैं।
गांधी मैदान और उसके आसपास रात में दिन जैसा नजारा : गांधी मैदान गुरुवार से ही रोशनी से जगमग हो गया है। यहां रात में दिन जैसा नजारा हो गया है। मैदान के चारों तरफ की सड़कें भी जगमग हो गई हैं। चिल्ड्रेन पार्क से एसके मेमोरियल हॉल के बीच की लाइटों को नगर निगम दुरुस्त करने में जुट गया है। गांधी मैदान के बाहर और अंदर दोनों तरफ लाइट की व्यवस्था की गई है। गांधी मैदान में जेनरेटर भी वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में है। बिजली कटने के बाद भी अंधेरा नहीं हो पाएगा।