बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर दो दिवसीय यात्रा पर वाल्मीकिनगर आने वाले हैं। यह पहला मौका होगा जब राज्यपाल बिहार के किसी गांव में जाएंगे और लोगों का हाल-चाल पूछेंगे। ग्रामीण सभ्यता, संस्कृति और जीवनशैली से रूबरू होंगे।
आने वाले 21 और 22 मई को राज्यपाल वाल्मीकिनगर में रहेंगे। हालांकि राज्यपाल के कार्यक्रम की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो रही है, लेकिन तैयारी जोर-शोर से चल रही है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल बगहा दो प्रखंड के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के दो गांवों ठांड़ी और कैलाशपुर में आएंगे। इन दोनों गांवों में तमाम मरम्मत के काम किए जा रहे हैं।
दोनों गांवों की जनसंख्या करीब 1500 के आसपास है। करीब 300 घरों की बस्ती है, जिसमें नेपाली मूल के आदिवासियों और धांगड़ आदिवासियों की आबादी है। ग्रामीण माधव मुखिया ने बताया कि वाल्मीकिनगर तो ऐतिहासिक धरती है।

यहां बड़े- बड़े अधिकारी और राजनीतिज्ञ आते रहते हैं, पर पहली बार बिहार के राज्यपाल आ रहे हैं और वो गांव में जाएंगे, इसको लेकर गांव के लोग काफी उत्सुक है।
एक और ग्रामीण सुमित मुखिया ने बताया कि राज्यपाल के गांव में आगमन से विकास का द्वार खुलने की उम्मीद है। वर्षों से लंबित नालों और सड़कों का निर्माण हो रहा है। लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत की मुखिया मालती देवी ने बताया कि महामहिम के आने की सूचना मिली है।
स्कूलों की पेंटिंग, साफ-सफाई समेत कई काम चल रहे हैं। विद्यालय के टूटे-फूटे फर्श, दीवारों का रंग-रोगन, पानी की व्यवस्था शौचालय की व्यवस्था और रसोई घर को अपडेट किया जा रहा है। गांव में अधूरे नाले का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
बताया जाता है कि आगामी 21 मई की शाम में राज्यपाल गांवों का भ्रमण करेंगे। स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों का हाल जानेंगे।
जीविका दीदियों से करेंगे संवाद
राज्यपाल अपनी यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की उज्जवला योजना की लाभार्थी महिलाओं से संवाद करेंगे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह और क्षेत्र में काम करने वाली जीविका दीदियों से मिलकर उनकी कार्य प्रणाली और काम में परेशानी के बारे में जानेंगे।
शाम में गंडक बैराज व बाढ़ नियंत्रण की व्यवस्था का भी राज्यपाल निरीक्षण करेंगे। 22 मई को राज्यपाल पर्यटन क्षेत्र में किए गए कार्यों का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में टीबी रोग कंट्रोल, ग्रामीण आवास योजना, उज्जवला योजना, मध्याह्न भोजन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
सीमा की सुरक्षा का लेंगे जायजा
जिले की सीमा यूपी और नेपाल से लगती है। उत्तर प्रदेश और नेपाल के अधिकारियों के साथ राज्यपाल सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे। सीमा पर घुसपैठ, तस्करी, और दूसरे अपराधों की जानकारी लेंगे। नेपाल और भारतीय क्षेत्र के अधिकारियों के बीच का समन्वय मजबूत करने की दिशा में राज्यपाल की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।