मीडिया में खबरें आ रही थीं कि राबड़ी देवी इस बार छठ नहीं करेंगी। इनपर विराम लगाते हुए राजद सुप्रीमो लालू यादव ने एक न्यूज पोर्टल से बातचीत में कहा कि राबड़ी देवी छठ कर रही हैं। लालू ने बताया कि उनकी सातों बेटियां व दामाद तथा नाती-नातिन सहित सभी नाते-रिश्तेदार छठ में घर आ रहे हैं। उनका घर गुलजार है।
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राबड़ी देवी अस्वस्थ चल रही हैं। उन्हें डायबिटीज की शिकायत है। छठ में 36 घंटे का उपवास रखना पड़ता है। एेसा में लग रहा था कि वे छठ नहीं कर पाएंगी। लेकिन, वे छठ करेंगी। सभी बेटियां, दामाद व बच्चे आए हुए हैं और मिलकर छठ की तैयारी में लगे हैं।
लालू ने बीते सालों को याद करते हुए कहा कि छठ में उनकी गहरी आस्था है। राबड़ी जब से उनके घर में आईं हैं, छठ पूजा कर रही हैं। छठ में उत्सव सा माहौल रहता है। सभी लोग इसमें शरीक होने के लिए आते हैं। सभी नाते-रिश्तेदार छठ पूजा देखने और प्रसाद खाने आते हैं।
उन्होंंने बताया कि पहले राबड़ी देवी गंगा घाट जाकर छठ की पूजा करती थीं। लेकिन, पिछले कुछ वर्षों से वे घर में ही छठ करती हैं। राबड़ी खुद ही पूजा के प्रसाद के लिए गेहूं सुखाती हैं, खुद ही प्रसाद तैयार करती हैं। पिछली बार अस्वस्थता की वजह से ही वे पहली बार पूजा नहीं कर पाई थीं। लेकिन, इस बार वे पूजा करना चाहती हैं।
लालू यादव ने कहा कि उन्हें छठ पर्व बहुत अच्छा लगता है। जितनी साफ-सफाई और आस्था का कुंभ छठ के दौरान देखने को मिलता है, वो अन्यंत्र कभी व कहीं देखने को नहीं मिलता है। छठ एेसा पर्व है जिसमें लोग धर्म-जाति सब भूलकर एक हो जाते हैं, सद्भावना की एेसी मिसाल कहीं और देखने को नहीं मिलती है। लालू ने इसके साथ ही राज्यवासियों को छठ की बधाई दी। कहा कि आपसी प्रेमभाव बना रहे, यही कामना करता हूं।