प्रशांत किशोर का बड़ा खुलासा, कहा-मार्च 2022 में ही मुझे नीतीश कुमार ने कहा था कि वे महागठबंधन बनाएंगे

खबरें बिहार की जानकारी राजनीति

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर बिहार में जन सुराज पदयात्रा पर निकले हुए हैं। इस दौरान वे लगातार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। अब उन्होंने खुलासा किया कि मार्च 2022 में ही नीतीश कुमार ने मुझे बताया था कि वे महागठबंधन बनाने जा रहे हैं।

प्रशांत किशोर जन सुराज पद यात्रा के दौरान पंचदेवरी के भगवतीनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि मार्च 2022 में ही नीतीश कुमार ने मुझे बताया था कि वे महागठबंधन बनाने जा रहे हैं। इसके साथ ही लगे हाथ प्रशांत किशोर ने बिहार के शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर को भी सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

बिहार में बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग बेरोजगारी और पलायन की समस्या से अछूता नहीं है। बिहार के सभी वर्ग के लोग बेरोजगारी की समस्या से तंग आकर दूसरे जगहों पर पलायन करने को मजबूर हैं। यहां किसानों को खेती करने के लिए कई परेशानियां उठानी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि जन सुराज पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझ कर उनका संकलन किया जा रहा हैं। उसके समाधान के लिए एक ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। जिसे पदयात्रा खत्म होने के बाद जारी किया जाएगा।

बिहार में बचेगा एक ही दल जन सुराज

एक प्रश्न के जवाब में प्रशांत ने बताया कि जन सुराज कोई तीसरा या चौथा मोर्चा नहीं बनेगा, बल्कि हमलोग अगर कोई दल बनाएंगे तो आने वाले समय में सिर्फ वही एक मोर्चा बिहार में बचेगा। हम उनमें से हैं, जो केवल लड़ने के लिए नहीं बल्कि जीतने के लिए आए हैं। अगर जन सुराज दल बनेगा तो बिहार की राजनीति में जन सुराज ही एक दल बचेगा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को भी तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा कि नीतीश चाहते ही नहीं हैं कि उनसे बेहतर कोई सत्ता में आए, इसलिए उन्होंने तेजस्वी यादव को चुना है। वे जानते हैं कि 2025 के बाद वे मुख्यमंत्री नहीं होंगे। ऐसे में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार को नुकसान होगा। तब लोग फिर से वापस आएंगे और नीतीश कुमार को चुनेंगे। नीतीश कुमार अपनी विरासत को जारी रखना चाहते हैं, इसलिए वह नहीं चाहते कि उनसे बेहतर कोई सत्ता में आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *