पटना : राजधानी पटना की आबोहवा बदल गई है। कोने-कोने में बज रही मां दुर्गा की गीत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है। शाम होते ही माता की मधुर आरती भक्तों के कानों में मिश्री घोल रही है।
जैसे-जैसे माता के दर्शन के दिन नजदीक रहा है, लोगों को उत्साह बढ़ता जा रहा है। शाम में मंदिरों में आरती करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को बांसघाट कालीमंदिर में आरती के लिए भक्तों की दोगुनी भीड़ जुटी।
मुख्य पुजारी संजय कुमार तिवारी उर्फ शशि बाबा ने कहा कि माता यहां साक्षात विराजमान हैं। माता हर मनोकामना पूर्ण करने वाली हैं।
आचार्य राजनाथ झा ने बताया कि भक्तों ने पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा की है। मां के इस स्वरूप के पूजन से भक्तों का हर कष्ट दूर होता है। बुधवार को सप्तमी की शाम माता भक्तों को दर्शन देंगी।