गंगा का जलस्तर गांधी घाट पर 24 घंटे में 8 सेंटीमीटर बढ़ा है। इससे बीएन कॉलेज घाट के पाथवे पर पानी अा गया है। महेंद्रू घाट और अंटा घाट के बीच पाथवे नीचे होने के कारण यहां गंगा का पानी घाट पर लबालब भर गया है। गंगा की तेज धारा होने पर यहां के पाथवे पर पानी का फैलाव और बढ़ने की उम्मीद है।
केंद्रीय जल आयोग ने भविष्यवाणी की है कि सोमवार सुबह 8 बजे तक गांधी घाट का जलस्तर 48.42 मीटर रहेगा। रविवार शाम 6 बजे गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 48.40 मीटर रहा। यह खतरे के निशान से अभी 20 सेंटीमीटर नीचे है।
घाट पर खतरे का निशान 48.60 मीटर है। शनिवार को यहां का जलस्तर 48.32 मीटर था। उधर पुनपुन नदी का जलस्तर किंजर के पास हर घंटे तीन सेंटीमीटर नीचे गिर रहा है।
पालमेरगंज में जलस्तर हर घंटे 8 सेंटीमीटर नीचे जा रहा है। वहीं गौरीचक में पुनपुन खतरे के निशान से ऊपर है, लेकिन 50.86 मीटर पर जाकर स्थिर हो चुकी है। यहां डेंजर लेबल 49.50 मीटर है। रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक जलस्तर 50.86 मीटर पर स्थिर हो गया है।
डीएम संजय कुमार अग्रवाल ने पुनपुन के जलस्तर के खतरे के निशान से ऊपर होने की वजह से सतर्कता बरतने तटबंधों पर गश्त जारी रखने का निर्देश दिया है।