Patna: पटना के मोकामा के रहनेवाले पंकज कुमार ने एक बड़ा मुकाम हासिल करके बिहारियों का मान बढ़ाया है। गुजरात सरकार ने शुक्रवार को 1986 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज कुमार को गुजरात का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। पंकज कुमार अनिल मुकीम का स्थान लेंगे, जिनका वर्तमान कार्यकाल इस महीने के अंत में समाप्त हो रहा है। बिहार के पटना के मोकामा के मूल निवासी पंकज कुमार वर्तमान में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि कुमार 31 अगस्त से मुख्य सचिव का पद संभालेंगे। 1985 बैच के आईएएस अधिकारी मुकीम को नवंबर 2019 में मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। सरकार ने उन्हें अगस्त 2020 में छह महीने का विस्तार और फरवरी 2021 में दूसरा विस्तार दिया था।
पंकज कुमार को 1986 बैच के दो आईएएस अधिकारियों के ऊपर मुख्य सचिव पद के लिये चुना गया है। 1986 बैच के ही डॉ राजीव कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग और खान विभाग और विपुल मित्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव, पंचायत, ग्रामीण आवास और ग्रामीण विकास विभाग इस रेस में बने हुये थे। इसी बैच के एक अन्य आईएएस अधिकारी डॉ गुरुप्रसाद महापात्र भारत सरकार के पूर्व सचिव, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग का जून 2021 में नई दिल्ली में कोविड से संबंधित जटिलताओं की वजह से निधन हो गया था।
1986 बैच के आईएएस अधिकारी श्री पंकज कुमार ने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की थी। उन्होंने सरदार सरोवर नर्मदा निगम, गुजरात मैरीटाइम बोर्ड, जीएसआरटीसी और राजस्व विभाग में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। कुमार एक सिविल इंजीनियर हैं।