पटना: महिला व्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए चेंजिंग रूम रंगीन कलर में डबल कपड़े का रहेगा। पटना के छठ घाटों पर इस वर्ष व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा की दृष्टिकोण से गंगा में मजबूत बैरिकेडिंग रहेगी। वॉच टावर से निगरानी होगी। पेयजल की व्यवस्था के साथ शौचालय भी रहेगा।
घाटों तक रास्ते रहेंगे। रास्ते रोशनी से जगमग करते रहेगी। छठ घाटों पर समुचित पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक घाट पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। व्रत के दौरान एसटीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम गंगा में गश्ती करते रहेगी। जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने यह जानकारी मंगलवार को छठ पूजा की तैयारियों के लिए घाटों का निरीक्षण करने के दौरान दी। दीघा घाट, पाटी पुल घाट, शिवाजी घाट सहित कई घाटों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि दानापुर से पटना सिटी के बीच 101 घाटों पर छठ पर्व के लिए अर्घ्य की व्यवस्था की जा रही है। घाटों के साथ-साथ वहां जाने के रास्ते का निर्माण तेज गति से प्रारंभ कर दिया गया है।
21 टीमें कार्य की निगरानी कर रही हैं। व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिदिन घाटों का निरीक्षण करेंगे एवं फोटो वाट्सएप पर डालेंगे। अन्यथा वे भी कार्रवाई के दायरे में आ जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्य में रूचि नहीं लेने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई होगी। सभी घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। जिलाधिकारी ने दीपावली के एक पूर्व सभी कार्य को पूरा करने का निदेश दिया। बुडको एवं नगर निगम की टीमें घाटों का रख-रखाव का कार्य कर रही है। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को ससमय सौंपे गए दायित्व पूरा करने का निर्देश दिया।
चेतावनी दी कि कार्यो में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करना है। पेसू को बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करनी है। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी के साथ बुडको के पदाधिकारी, वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद थे।