‘नीतीश कुमार’ के लिए युवक ने की वट सावित्री पूजा, सोलह श्रृंगार कर विधि-विधान से किया व्रत; लोग हुए दंग

खबरें बिहार की जानकारी

बिहार के बांका जिले में एक युवक ने अपने दोस्त के लिए वट सावित्री का उपवास रखा। साड़ी पहनकर सोलह श्रृंगार किया। पूरे विधि-विधान से बरगद के पेड़ की पूजा-अर्चना की। अब सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी वीडियो और तस्वीर वायरल हो रही है। यह बात क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

मामला जिले के बौसी प्रखंड के बंधुवाकुरावा थाना का है। शुक्रवार को जब वट सावित्री के मौके पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर रही थी, तभी मनियारपुर गांव निवासी महेंद्र मंडल के पुत्र कपिल देव मंडल (26 वर्ष) ने पूजा स्थल पर आकर सभी को हैरान कर दिया।

युवक को देखने के लिए लगी भीड़

युवक ने अपने दोस्त के लिए स्त्री का रुप धारण किया था। उसने साड़ी पहनकर सोलह श्रंगार किया था। लाल रंग की चुनरी लिए युवक को देख एक पल के लिए आप भी उसे महिला ही समझ बैठेंगे। लोगों को जैसे ही उसकी असलियत पता चली तो देखनेवालों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पहले से शादीशुदा है युवक

बताया जा रहा है कपिल देव मंडल की शादी 6 साल पूर्व में ही हो चुकी है। पत्नी के होने के बावजूद उसने अपने मित्र नीतीश कुमार को अपना पति मानकर विधि-विधान के साथ पूजा की। युवक का कथित पति नीतीश कुमार भी वहीं पर मौजूद रहे। वट वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना करने के बाद युवक ने अपने कथित पति का थाली में चरण धोया और आशीर्वाद लिया।

तो इसलिए युवक ने किया व्रत…

लोगों ने बताया कि कपिल देव मंडल मनियारपुर चौक पर गुमटी खोलकर किराना दुकान चलाता है। वहीं, उसका मित्र नितीश टायर का पंचर बनाता है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के मित्र हैं। सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए दोनों ने यह कारनाम किया था।

पूरे घटनाचक्र को गांव के कई लड़कों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं  थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि ऐसा मामला संज्ञान में नहीं आया है। जानकारी मिलते ही पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *