बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन को जेडीयू विकास दिवस के रूप में मना रही है। सीएम नीतीश के जन्मदिन को खास बनाने के लिए जेडीयू कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इसके अलावा नीतीश कुमार के सबसे खास फैसले शराबबंदी को सफल बनाने के लिए लोगों को उनके जन्मदिन के मौके पर दूध पिला रहे हैं। जेडीयू कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर शराबबंदी को सफल बनाने के लिए जागरुकता अभियान चलाया है और शराब छोड़ो, दूध पियो की अपील करते हुए लोगों को दूध पिलाया।
वहीं बिहार विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन (1 मार्च ) पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वस्थ, दीर्घायु हों और सुखी रहें, ईश्वर से यही प्रार्थना है। उनके कुशल नेतृत्व में बिहार सामाजिक समरसता के साथ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो, यही कामना है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी है। मांझी ने कहा कि उनके जन्मदिन पर यह कहना चाहते हैं कि जिस तरह मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास में बहुत बड़ा योगदान किया है और आगे भी करते रहें, इसके लिए हम उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।