शारदीय नवरात्रि 21 से होगी शुरू करीब पांच साल बाद ऐसा संयोग बना है कि इस बार नवरात्रि पूरे नौ दिनों की होगी। इस नवरात्रि में मां पालकी पर विराजमान होकर आएंगीं और चरणायुध से प्रस्थान करेंगी।
यह ऐसा योग है कि मां दुर्गा अपनी कृपा से सभी भक्तों की झोलियां भर देंगी। 21 सितंबर से घर-घर और सार्वजनिक स्थानों पर मां दुर्गा की स्थापना की जाएगी। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी है।
झारखंडधाम के नरेश पंडा के मुताबिक अश्वनी मासे शुक्ल पक्षे हस्त नक्षत्र युक्त, शुक्ल योग बालव करण, सूर्य ,चंद्रमा इस समय कन्या राशि में स्थित है। कई वर्षों बाद ऐसा संयोग बना है कि नौ रात्रि नौ दिनों की है।
मां भगवती, जगत जननी, पराम्बा, राजराजेश्वरी, आद्यशक्ति, मां दुर्गा देवी पालकी पर विराजमान हो कर आएंगीं और चरणायुध से प्रस्थान करेंगी।
जामताड़ा जिले में दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाने के लिए जगह-जगह पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। साथ ही बिजली की सजावट के साथ लोगों के आकर्षण के लिए खूब सजावट की जा रही है।