महेंद्र सिंह धोनी की हाल ही में एक फोटो वायरल हुई थी, जिसमें उनके चेहरे पर हल्की सफेद दाढ़ी देखी जा सकती है। धोनी की बेटी जिवा के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें धोनी अपनी बेटी के साथ खेल रहे हैं और इसी में उनका वो हल्की सफेद दाढ़ी वाला लुक दिखाई दे रहा है। इस वीडियो से निकली फोटो के सामने आने के बाद कई लोगों ने कहा था कि उनका पसंदीदा खिलाड़ी बूढ़ा हो गया है तो कई लोगों को विश्वास नहीं हुआ था कि यह धोनी हैं। अब धोनी की मां ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि उनका बेटा ज्यादा बूढ़ा नहीं हुआ है।

बीडीक्रिकटाइम ने धोनी की मां के हवाले से लिखा है, ‘हां, मैंने उसका नया लुक देखा लेकिन वो ज्यादा बूढ़ा नहीं हुआ है। कोई भी बच्चा अपनी मां के लिए बूढ़ा नहीं होता।’ टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं। वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद से उन्होंने टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेला है। इस बीच धोनी के संन्यास को लेकर भी चर्चाएं हुई हैं। हालांकि धोनी ने खुद अभी तक अपने संन्यास को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।

अब बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या धोनी टीम इंडिया में वापसी करेंगे या फिर 2019 का वो मैच उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच बन जाएगा? धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच, 350 वनडे इंटरनेशनल मैच और 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी जीता है। वो इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनकी कप्तानी में तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीती गई हैं।

Sources:-Hindustan