Patna: बिहार सरकार का मिशन छह करोड़ कोविड टीकाकरण अभियान सफल होता दिख रहा है। आम लोगों में टीकाकरण के प्रति बढ़े उत्साह और वैक्सीन की आपूर्ति में सुधार होने के बाद बदलाव दिखने लगा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय लगातार टीकाकरण अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। इसकी बदौलत अपने मिशन का आधा लक्ष्य अगस्त महीने में ही स्वास्थ्य विभाग ने पा लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अब तीन करोड़ पांच लाख 79 हजार से अधिक लोगों को कोरोनावायरस से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। राज्य में करीब 50 लाख लोग वैक्सीन की दोनों डोज, जबकि करीब ढाई करोड़ लोग एक एक डोज ले चुके हैं। सरकार ने दिसंबर तक छह करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के 2981 टीकाकरण केंद्रों पर सोमवार को 4.37 लाख से ज्यादा लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लिया। सबसे अधिक 30 हजार 573 लोगों ने पटना में, 25 हजार 101 लोगों ने मुजफ्फरपुर में, 16 हजार 477 लोगों ने गया में, पांच हजार 223 लोगों ने भागलपुर में और पांच हजार 323 लोगों को पूर्णिया में टीका लगाया गया। राज्य में 15 जनवरी से टीकाकरण का अभियान चल रहा है। शुरुआती दिनों में केवल स्वास्थ्यकर्मियों को ही टीका लगाया जा रहा था। पटना शहर में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 90 फीसद से अधिक आबादी को टीका लगाया जा चुका है।
स्वास्थ्य कर्मियों के बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स, इसके बाद 45 से अधिक उम्र के लोगों और अब 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोविड से बचाव का टीका लगाया जा रहा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले कुछ महीनों में बच्चों के लिए भी टीकाकरण की शुरुआत हो सकती है। सोमवार की शाम को जारी रिपोर्ट के अनुसार बिहार में आठ महीने के दौरान तीन करोड़ पांच लाख 79 हजार 608 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। टीके की दोनों डोज ले चुके लोगों की तादाद 49 लाख 59 हजार से अधिक हो चुकी है। सोमवार की शाम तक दो करोड़ 56 लाख 20 हजार 583 लोग कोविड टीके का पहला डोज ले चुके थे।