PATNA… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में सोमवार की रात भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के आग्रह पर पीएम ने यह भरोसा दिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने भाजपा शासित राज्यों से बिहार की बाढ़ में हर संभव मदद करने की अपील की। बैठक में प्रधानमंत्री ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र को साकार करने वाली केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्यों में लागू करने के साथ प्रदेश सरकार की अन्य पहल की भी समीक्षा की।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इन योजनाओं के बारे में अपनी प्रस्तुति दी। इससे पहले अप्रैल में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई थी। बैठक में सभी राज्यों को अंत्योदय के उद्देश्यों को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया।