भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शनिवार को आगामी एक महीने के संगठनात्मक गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ संपन्न हो गई।
प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षदों के साथ कार्यसमिति सदस्यों को बड़ा टास्क दिया।
जनसंपर्क महाअभियान चलेगा
विनोद तावड़े ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर 30 मई से 30 जून तक जनसंपर्क महाअभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी।
तावड़े ने कहा कि यह अभियान जनता से संपर्क करने का अभियान है। हम सभी आम जनों के बीच जाएंगे और मोदी सरकार के कार्यों को विस्तार से बताएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नौ वर्षों के शासनकाल में जिस प्रकार से विकास के काम किए हैं वह दुनिया में उदाहरण हैं। केंद्र सरकार गांव, गरीब, शोषित एवं बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित है, यही कारण है कि देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है। देशवासी सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए देख रहे हैं।
केंद्र सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि 30 मई से 30 जून तक होने वाले कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सफल बनाना है।
लालू ने बिहार को लूटा, नीतीश ने बर्बाद किया: सम्राट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल बेमिसाल रहा। देश के प्रधानमंत्री को कोई टक्कर देने वाला नहीं है लेकिन हमें जनता को बताना होगा होगा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता के लिए 9 वर्षों के कार्यकाल में कौन-कौन से विकास के कार्य किए।
राज्य की विधि-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर चिंता जताते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद ने बिहार में 15 साल शासन किया और उसके बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने 15 साल बिहार को लूटा और उसके बाद नीतीश कुमार 18 साल से बिहार को बर्बाद कर रहे हैं।
उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के कई दल आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि लालू प्रसाद के शासनकाल में क्या उन्होंने किसी को आरक्षण दिया था?
जबकि भाजपा ने सभी लोगों को आरक्षण दिया। मोदी सरकार ने 10 प्रतिशत सवर्णों को भी आरक्षण दिया। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास किया।
90 का दशक फिर बिहार में दिखने लगा
भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आए हुए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
हत्या, लूट, दुष्कर्म की घटनाओं से लोगों में डर का मौहाल है। 90 का वह दौर फिर से बिहार में दिखने लगा है। लोग सहम गए हैं। शाम होते ही बाजार से रौनक खत्म हो रही है।
अब लोगों की उम्मीद भाजपा कार्यकर्ताओं से है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने आगामी एक महीने तक चलने वाले जनसंपर्क अभियान के संदर्भ में विस्तृत जानकारी कार्यसमिति की बैठक में रखी।
बैठक को बिहार के सह प्रभारी सुनील ओझा, संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, नित्यानंद राय, राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, नंदकिशोर यादव और मंगल पांडेय आदि उपस्थित थे।