भारतीय महिला स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। मीराबाई ने 49 किलोग्राम वर्ग में पदक अपने नाम किया। मीराबाई चानू की जीत के साथ ही भारत का 21 साल का इंतजार खत्म हुआ। चानू ने क्लीन और जर्क में 115 किग्रा और स्नैच में 87 किग्रा से कुल 202 किग्रा वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आज टोक्यो ओलिंपिक में वो पल जब मीराबाई चानू ने अपना आखिरी दांव खेला तो करोड़ों हिंदुस्तानियों की निगाहें उन पर टीकी हुईं थीं। मीराबाई चानू जब वेट लिफ्ट कर रहीं थीं उस वक्त लोगों के हाथ जुड़े हुए थे और चानू की जीत के लिए दुआएं हो रहीं थीं। हर धर्म, हर मजहब के लोगों की यही दुआ थी बस चानू की ये लिफ्ट हो जाए। लोगों को वो तस्वीर याद आ रही थी जब 2016 रियो ओलिंपिक में मीराबाई चानू की कई बार प्रयास असफल करार दिए गए। वो टूट गईं थीं।
रियो ओलिंपिक के बाद चानू ने बताया था कि वो पल कैसा था। ऐसा लग रहा था जैसे एक पल में सबकुछ खत्म हो गया हो। पोडियम में पैर लड़खड़ा रहे थे और आंखों से आंसुओं का सैलाब था। चानू का पहला ओलिंपिक था रियो ओलिंपिक। कोच सो लगाकर सभी ने चानू का साथ दिया। उनको हौसला दिया। चानू ने बताया कि वो सदमे में थीं। वो पल उनको बार-बार याद आ रहा था। उन्होंने हर प्रयास में अपना 100 प्रतिशत दिया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। जिसके बाद चानू पोडियम पर ही रोने लगीं थीं। मणिपुर इंफाल की मीराबाई चानू ने रियो पोडियम से सीखकर आंसुओं को अपनी ताकत बनाया और फिर आईं तोक्यो ओलिंपिक में। किसी को भी यकीन नहीं था कि चानू इतिहास रच देंगी। किसी को भी यकीन नहीं था ये वहीं एथलीट हैं जोकि रियो ओलिंपिक पोडियम में जिनकी आंखें रो पड़ीं थीं। उस पल शायद अकेले मीराबाई चानू नहीं रोई थीं बल्कि रोया था पूरा मणिपुर, पूरा नॉर्थ ईस्ट और पूरा भारत।
वो कहते हैं कि सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता। उसके बाद जब हमें कामयाबी हासिल होती है तो फक्र होता है। मीराबाई चानू के मेडल जीतने की खबर से पूरा देश खुश है। सोशल मीडिया पर आम लोगों से लेकर बॉलिवुड सिलेब्रिटीज तक मीराबाई चानू को शुभकामनाएं दे रहे हैं। बॉलिवुड ऐक्ट्रेस तापसी पन्नू, ऐक्टर फरहान अख्तर, रणदीप हुड्डा, सोफी चौधरी, बीजेपी सांसद और बॉलीवुड ऐक्टर सनी देओल ने मीराबाई चानू की जीत की खुशी में सोशल मीडिया के जरिए बधाई दिए हैं।
तापसी पन्नू ने मीराबाई चानू की जीतने की खुशी में अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया है। तापसी लिखती हैं, ‘इसी के साथ हमलोग शुरू करते हैं, Come On India.’ सोफी चौधरी ने मीराबाई चानू की जीत की खुशी में अपनी इंस्टा स्टोरी में पोस्ट शेयर किया है।