बिहार में इफ्तार पार्टी को लेकर सियासी बयानबाजी और सीएम की इफ्तार में भाजपा नेताओं के शामिल नहीं होने के बाद रविवार को एक नया नजारा देखने को मिला।
यह मौका था पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की ओर से आयोजित की गई इफ्तार पार्टी का। इसमें जहां एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। वहीं, दूसरी ओर भाजपा सांसद सुशील मोदी भी सीएम के बगल में बैठे दिखाई दिए।
खास बात यह भी रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा सांसद सुशील ने एक जैसी सफेद फर वाली टोपी पहनी थी। इस मौके पर चिराग पासवान ने भी शिरकत की।
इस पार्टी के दौरान बिहार सरकार के मंत्रियों के अलावा भाजपा नेता, लोजपा (रामविलास) के नेताओं के शामिल होने से साफ है कि मांझी की इफ्तार पार्टी से किसी को परहेज नहीं है।
हालांकि, इससे पहले नीतीश कुमार और राजद की ओर से राबड़ी देवी के घर पर दी इफ्तार पार्टियों को लेकर विपक्षी दलों ने जमकर हमला बोला था। परंतु आज वही नेता मांझी की पार्टी में शिरकत करते दिखाई दिए।
मांझी ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) नेता पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन द्वारा आयोजित दावत-ए-इफ्तार में शामिल हुए।
मांझी ने मुख्यमंत्री को टोपी एवं साफा भेंटकर उनका अभिनंदन किया। दावत-ए-इफ्तार में शामिल मुख्यमंत्री सहित सभी रोजेदारों ने प्रदेश, समाज और देश में अमन-चैन एवं शांति-भाईचारे का माहौल कायम रहने की दुआ मांगी।
इस मौके पर वित्त मंत्री विजय चौधरी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, सूचना एवं प्रावैधधिकी मंत्री इसराइल मंसूरी, हम विधायक ज्योति देवी, अनिल कुमार, प्रफुल्ल कुमार मांझी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अफजल अब्बास तथा बड़ी संख्या में रोजेदार मौजूद थे।
राबड़ी की इफ्तार में नीतीश-तेजस्वी का पहनावा बना चर्चा का विषय
बता दें कि बिहार में रामनवमी पर हिंसा के बाद अब इफ्तार पार्टी पर राजनीति तेज हो गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित दावत-ए-इफ्तार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संग महागठबंधन के बड़े नेताओं का जुटान हुआ था। इफ्तार पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, तो नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव का पहनावा राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बन गया था।
नीतीश की इफ्तार का BJP नेता ने ठुकराया था न्योता
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। इस इफ्तार पार्टी में राज्यपाल समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं को बुलाया गया था। सीएम नीतीश कुमार की ओर से भाजपा नेताओं को भी इफ्तार की पार्टी का न्योता दिया गया था। हालांकि, भाजपा ने इफ्तार पार्टी में जाने से साफ मना कर दिया था।
विजय सिन्हा समेत तमाम भाजपा नेताओं ने सीएम की इफ्तार पार्टी की आलोचना की थी और निशाना साधा था। विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा था कि बिहार दंगों में जल रहा है।
कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है और मुख्यमंत्री इफ्तार पार्टी दे रहे हैं। ऐसी इफ्तार पार्टी में हमें शामिल नहीं होना है। दरअसल, यह वही समय था जब रामनवमी के मौके पर प्रदेश में हिंसा की घटनाएं हुई थीं।