महागठबंधन की एकजुटता रैली 25 को, पूर्णिया से 2024 चुनाव के लिए होगा शंखनाद, नीतीश और तेजस्वी रहेंगे मौजूद

खबरें बिहार की राजनीति

केंद्रीय बजट में बिहार की उपेक्षा और नाइंसाफी के सवाल पर महागठबंधन ने केंद्र सरकार के खिलाफ सीमांचल से हल्ला बोलने की घोषणा की है। 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की रैली होगी। साथ ही महागठबंधन की ओर से लोकसभा चुनाव का शंखनाद भी होगा। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के तमाम प्रमुख नेता शामिल होंगे। विपक्ष को महागठबंधन की ताकत दिखाने के लिए भी यह रैली अहम साबित होगी।

विपक्ष को मिलेगा करारा जवाब

 

इस रैली की तैयारियों को लेकर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, प्रधान महासचिव आलोक मेहता, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, भाकपा माले के केडी यादव, भाकपा के विजय नारायण मिश्रा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के महासचिव शशि कुमार और माकपा के सर्वोदय शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिहार के साथ सौतेला व्यवहार व बजट में उपेक्षा करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया।

संयुक्त रूप से मीडिया से बातचीत में नेताओं ने कहा कि भाजपा तथा उसके सहयोगी दल के सांसदों द्वारा बिहार के हितों पर चुप्पी साधने से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। बिहार की घोर उपेक्षा, संघीय व्यवस्था पर हमला, विशेष राज्य का दर्जा और पैकेज नहीं मिलना, गैरभाजपा शासित राज्यों के साथ उपेक्षा का करारा जवाब रैली के माध्यम से भाजपा व केंद्र सरकार को मिलेगा। मौके पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद व शक्ति यादव, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरविन्द कुमार निषाद शक्ति यादव समेत अन्य नेता मौजूद थे।

सांप्रदायिक व उन्मादी ताकतों की साजिश होगी बेनकाब

 

जगदानंद सिंह ने कहा कि रैली में पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार के अलावा सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और भागलपुर जिलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ तमाम गरीब, वंचित समाज को जोड़ने वाले सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे। रैली में सांप्रदायिक और उन्मादी शक्तियों को बेनकाब किया जाएगा।

उमेश कुशवाहा ने कहा कि रैली से परिवर्तन का आगाज होगा। मदन मोहन झा ने कहा कि रैली में महागठबंधन भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करेगा। केडी यादव ने कहा कि रैली में संविधान, लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया जाएगा। विजय नारायण मिश्रा ने कहा कि रैली का उद्देश्य सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति को जवाब देना है। सर्वोदय शर्मा ने कहा कि रैली देश में परिवर्तन की सूत्रपात करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *