बिहार की राजधानी पटना के गांधी घाट पर 8 महीने बाद फिर से गंगा महाआरती की शुरूआत 7 अक्टूबर से होने जा रही है। पर्याप्त सुरक्षा बलों की मौजूदगी और CCTV की निगरानी में गंगा महाआरती होगी। इसका आयोजन हर शनिवार और बुधवार को होगा।
गांधी घाट पर स्थायी पुलिस पिकेट का निर्माण किया जाएगा। गंगा महाआरती के दिन नियमित रुप से प्रतिनियुक्ति बल के दो दंडाधिकारी, दो पुलिस पदाधिकारी और 15 बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
पटना के प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने बुधवार को इसकी तैयारी की समीक्षा की। घाट के पास बैरिकेंडिग, सीसीटीवी, लाइटिंग, शौचालय आदि की व्यवस्था 30 सितंबर तक पूरा करने का आदेश दिया गया है।
14 जनवरी को पतंगोत्सव में हुए नाव हादसे के बाद सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्था नहीं होने के कारण गांधी घाट पर गंगा महाआरती पर रोक लगाई गई थी।