पटना: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उनके साथ ही कई राजद नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक जताया। इस दौरान पार्टी कार्यलय में पार्टी ध्वज को आधा झुका दिया गया।
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि वाजपेयी जी सरल हृदय, उदार तथा करिश्माई व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे। वे संघर्ष एवं त्याग के प्रतिमूर्ति थे। वे कुशल प्रशासक तथा बेबाक नेता थे। अन्य राजद नेता तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती, रामचन्द्र पूर्वे, रघुवंश प्रसाद सिंह, जगदानंद सिंह, सहित अन्य राजद नेताओं ने भी शोक जताया। सभी नेताओं ने कहा कि अटल जी का सभी पार्टियों के नेताओं के साथ आत्मीय संबंध थे।
कांग्रेस ने भी व्यक्त की संवेदना
राजद के साथ साथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कौकब कादारी ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व बहुत बड़ा था। वह पार्टी लाइन से ऊपर उठकर देश के प्रति प्रतिबद्धता को महत्व देते थे। अटल जी के निधन से देश ने एक बड़ा उदारवादी, संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखनेवाला नेता खो दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने भी जताया शोक
अटल जी के निधन पर विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने भी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी विराट व्यक्तित्व के सर्वमान्य राजनेता थे। उनके व्यक्तित्व को शब्दों की सीमा में नहीं बांधा जा सकता है। श्री चौधरी ने कहा कि अटल जी के आकस्मिक निधन से भारतीय राजनीतिक जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है।
Source: Etv Bihar