बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबियत रविवार को सीढ़ियों से गिरने के बाद ठीक नहीं है। सोमवार सुबह साढ़े तीन बजे उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां उनका इलाज स्पेशल डॉक्टरों की टीम कर रही है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि अगर लालू यादव को जल्द आराम नहीं मिलता है तो उन्हें दिल्ली ले जाया जा सकता है। हालांकि, दिल्ली ले जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल राजद सुप्रीमों पटना के ही पारस अस्पताव में भर्ती हैं और उनकी तबीयत स्थिर बनी हुई है।
गौरतलब है कि सीढ़ी से गिर जाने के कारण लालू प्रसाद का कंधा टूट गया है जबकि कमर में भी गंभीर चोटें आई हैं। रात में ही उनका इलाज डॉक्टरों ने घर पर पहुंच कर किया। लेकिन, रविवार की रात उनकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। सोमवार सुबह 3 बजे उन्होंने घर के लोगों को जगाया और उन्हें अपनी परेशानियों के बारे में जानकारी दी। तत्काल परिजनों ने डॉक्टर से संपर्क किया। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया गया।
लालू के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव खुद गाड़ी चलाकर सुबह 3.30 बजे उन्हें पारस अस्पताल लेकर गए। वहां तत्काल उन्हें आईसीयू में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने उनकी चिकित्सा शुरू की। तेजस्वी वहीं डटे रहे। जब लालू प्रसाद की स्थिति पहले से बेहतर हुई तो तेजस्वी घर गए। इसके पहले तेजस्वी ने बताया कि लालू प्रसाद की स्थिति स्थिर है। देर शाम तक लालू प्रसाद अस्पताल में ही आईसीयू में भर्ती थे। बाहर सुबह से ही उनके समर्थकों और प्रशंसकों की भारी भीड़ भी लगी। लेकिन, उन्हें समझाकर घर वापस भेजा गया।