राजद प्रमुख लालू प्रसाद 75 वर्ष के हो गये। अपने जन्मदिन पर शनिवार को वह राजद कार्यालय पहुंचे। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी थे। पार्टी प्रमुख ने पार्टी कार्यालय में लोहिया-कर्पूरी पुस्तकालय सह तेजस्वी वाचनालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 75 किलों के लड्डू को कलछुल से तोड़कर कार्यकर्ताओं को खिलाया। साथ ही, राज्य के और आगे बढ़ने की कामना की।
प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने लालू प्रसाद के जन्मदिन को सामाजिक न्याय एवं सद्भावना दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था। लिहाजा राज्य कार्यालय में भी प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में इसी रूप में आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने किया
इस अवसर पर लालू प्रसाद ने ‘गरीबों का मसीहा’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया। साथ ही, कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि इस ऊंचाई तक पार्टी को पहुंचाने में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कहा कि नफरत के खिलाफ समाज में बेहतर वातावरण के निर्माण के लिए समाजवादी दृष्टिकोण को लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आम्बेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, जननायक कर्पूरी ठाकुर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और उनके जैसे अन्य समाजवादी नेताओं के विचारों को लोगों तक ले जाने और पहुंचाने की आवश्यकता है। पार्टी कार्यालय में लोहिया-कर्पूरी ठाकुर पुस्तकालय सह तेजस्वी वाचनालय में भी लोगों को जानकारी मिलेगी। आज देश में ऐसा माहौल उत्पन्न कर दिया गया है, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव, उदय नारायण चौधरी, कांति सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, रामचन्द्र पूर्वे, शिवचन्द्र राम, वृषिण पटेल, डॉ. तनवीर हसन, डॉ. सुनील कुमार सिंह, भाई वीरेन्द्र, रामानुज प्रसाद, प्रो. सुबोध मेहता, शक्ति सिंह यादव, चितरंजन गगन, एजाज अहमद आदि उपस्थित थे।