क्या पंचायत के न्याय से उठ रहा भरोसा ? ग्राम कचहरियों के लिए नहीं मिल पा रहे पंच; 533 पद रह गए खाली

खबरें बिहार की जानकारी

सरकार और चुनाव आयोग की व्यवस्था में खोट कहे या फिर ग्राम कचहरी की न्याय प्रणाली के प्रति लोगों में घट रहे भरोसा का असर, ग्राम कचहरियों को पंच परमेश्वर नहीं मिल रहे हैं। 11 मई को नामांकन और 15 मई को त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए नाम वापसी का अंतिम दिन था। इसके बाद पंच के 533 पद रिक्त रह गए हैं।

आयोग ने पंच के कुल 2810 पद रिक्त घोषित किए थे। रिक्त पदों की तुलना में 2277 पदों पर ही चुनाव लड़ने वाले सामने आए। इस वजह से 533 पद रिक्त रह गए। वहीं, 1755 पदों पर महज एक प्रत्याशी के नामांकन के कारण निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गया।

बता दें कि कुल 3520 पदों के लिए 25 मई को होने वाले उप चुनाव से पहले 1968 पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गया है। इसमें तीन श्रेणी के पद शामिल हैं। सर्वाधिक 1755 पद पर निर्विरोध चुनाव ग्राम कचहरी के पंच पद पर संपन्न हुआ है। इसके बाद ग्राम पंचायत सदस्य के 556 में 211पद निर्विरोध चुनाव संपन्न होने की सूचना है।

वहीं, पंचायत समिति सदस्य के कुल 44 में एक पद पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ है, जबकि कुल 55 ग्राम कचहरी सरपंच के रिक्त पद में एक सरपंच भी निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

1552 पद पर होगा चुनाव

उपचुनाव को लेकर नाम वापसी की 15 मई को समय सीमा समाप्त गई। अब जिलों से आयोग को मिले आंकड़ों के अनुसार से अब तक 3520 पदों की तुलना में 1968 पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो जाने के कारण 1552 पदों पर ही आयोग 25 मई को चुनाव कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *