नीतीश ने जार्ज फर्नांडीज के साथ पाप किया…उसी का नतीजा कमजोर याददाश्त’, शराबबंदी पर भी भड़के सम्राट चौधरी

कही-सुनी राजनीति

बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

नीतीश कुमार ने पहले बिहार के लोगों को शराबी बनाया और फिर राज्य में शराब पर पाबंदी लगा दी, लेकिन शराब की धड़ल्‍ले से होम डिलीवरी हो रही है। अगर गरीब पी लेता है तो जेल में डाल दिया जाता है। वहीं शराब और बालू माफिया राज कर रहे हैं। यह सब पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है।

भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को अलीनगर के हाटगाछी मैदान में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान, उन्होंने नीतीश सरकार पर आरोप लगाए कि मुख्यमंत्री ने ही शराबबंदी की और उनकी ही मर्जी से राज्य में शराब की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है।

उनकी याददाश्त कमजोर हो गई…

इतना ही नहीं, सम्राट चौधरी ने आनंद मोहन की रिहाई को लेकर भी निशाना साधा। चौधरी ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। दिनदहाड़े मर्डर हो रहे हैं और नीतीश सरकार गुंडों को जेल से बाहर निकाल कर ला रही है।

उन्‍होंने कहा कि दरभंगा में सीएम ने खुद को प्रधानमंत्री कह दिया। उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है। नीतीश कुमार ने जार्ज फर्नांडीज के साथ जो पाप किया है, उसी के फलस्वरूप उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि विकास के मामले में नीतीश कुमार फेल हैं। उन्होंने बिहार की तुलना यूपी से करते हुए कहा कि यहां से 13 गुणा ज्यादा विकास यूपी में हो रहा है। इसलिए अब उनको कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

बिहार में विकास के लिए BJP को जिताइए

प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में डॉ. गोपाल ठाकुर को तीन लाख वोट से चुनाव जिताया था। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में छह लाख के अंतर से विजयी बनाइए। इसके साथ बिहार के सभी 40 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जिताइए ताकि बिहार में कानून व्यवस्था को दुरुस्त की जा सके। बता दें कि भाजपा बूथ स्तर से लेकर प्रदेश तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है।

हाल ही में भाजपा का दामन थामने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री देश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। भारत के गौरव को गौरवान्वित कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरे प्रदेशों का दौरा करने में व्‍यस्‍त हैं, जबकि राज्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से नहीं निभा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार दरभंगा जिले में आए थे। नरमा हेलीपैड पर लैंडिंग के बाद भाजपा में शामिल हो रहे संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के आवास पर भोजन किया। इसके बाद दोपहिया और चार पहिया वाहनों से काफिले के साथ अलीनगर के हाटगाछी स्थित सभा स्थल पर पहुंचे।

सभास्थल पर प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं  का मिथिला की परंपरा के अनुसार मिथिला पाग, चादर, मखान माला एवं मिथिला पेंटिंग देकर स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *