KBC ने किया 12 साल का सपना पूरा, कहा- अमिताभ के सामने बैठने की कभी नहीं की थी कल्पना, जीता लाखों रुपया

मनोरंजन

कौन बनेगा करोड़पति सीजन 9 में अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर चतरा के राजकुमार ने सोमवार को 12 लाख 50 हजार रुपए जीते। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने उन्हें केबीसी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

2013 में उनकी पत्नी केबीसी के फास्टेस्ट फिंगर तक पहुंची थीं। पर उन्हें हॉट सीट तक जाने का मौका नहीं मिला था। इस सपने को राजकुमार ने पूरा किया। सोमवार को सोनी टीवी पर रात नौ बजे कौन बनेगा करोड़पति का प्रसारण हुआ। राजकुमार ने 13 प्रश्नों के उत्तर दिए। सवालों का जवाब देते समय राजकुमार हर पल हंसते रहे।

उनकी हंसी को देखकर अमिताभ बच्चन काफी खुश दिखे। सेट पर राजकुमार की पत्नी श्रेया भी मौजूद थीं। केबीसी के इस एपिसोड में राजकुमार झारखंड राज्य से भाग लेने वाले पहले प्रतिभागी रहे। बताते चलें कि राजकुमार केबीसी-9 में शामिल होने के लिए पिछले 11 अगस्त को पत्नी श्रेया प्रकाश के साथ मुंबई गए थे।

राजकुमार चतरा शहर के दीभा मोहल्ला निवासी हैं। इनके पिता लक्ष्मण प्रसाद रिटायर्ड टीचर हैं। उन्होंने प्रारंभिक से लेकर स्नातक की पढ़ाई चतरा में ही रहकर की है। वे चतरा सिविल कोर्ट में नजारत शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। राजकुमार को 12 वर्ष बाद केबीसी की हॉट सीट पर बैठने का सपना पूरा हुआ है।

राजकुमार केबीसी का शो शुरू से ही देखा करते थे। वर्ष 2005 में उनकी शादी हुई। पत्नी श्रेया ने उन्हें केबीसी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि जीत की राशि अपने परिवार में खर्च करेंगे।
कुछ राशि गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए खर्च करेंगे। हॉट सीट पर बैठने की खुशी शब्दों में बयान नहीं कर सकते। यह उनके लिए अद्भुत पल था।

अमिताभ बच्चन को नजदीक से देखने का सोचा भी नहीं था। उनके साथ बैठकर बात करना सपना से कम नहीं था। जब अमिताभ ने जीत का चेक उन्हें दिया तो इसे छू कर मन प्रसन्नता से भर गया। राजकुमार ने बताया कि ट्रिपल-एफ में दस लोग पहुंचे थे।

अमिताभ के समक्ष ट्रिपल-एफ खेलने से पहले सभी को अभ्यास कराया गया। यह अभ्यास छह राउंड का चला। इसमें वह काफी नर्वस थे। उनके मन में बार-बार रहा था कि यहां पहुंचे लोग उनसे कहीं अधिक तेज हैं। अभ्यास के चार राउंड में वह पीछे रहे। पांचवां राउंड में उन्हें पहला नंबर मिला।

उन्होंने बताया कि इसके बाद उनका कॉन्फिडेंस बढ़ गया। अभ्यास के छठे राउंड में उन्हें प्रथम स्थान मिला। जब अमिताभ ने ट्रिपल-एफ में सवाल पूछा तो राजकुमार सबसे पहले जवाब देकर हॉट सीट तक पहुंचे।

हॉट सीट तक पहुंचने में उनकी पत्नी श्रेया प्रकाश का योगदान है। उन्होंने बताया कि केबीसी में किस्मत आजमाने के लिए पत्नी बार-बार प्रोत्साहित करती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *