कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शनिवार को कांग्रेस सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है। विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस सरकार की शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे।
दोनों आज सुबह विशेष विमान से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की पुष्टि कर दी है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की एतिहासिक जीत के बाद बेंगलुरु में विपक्षी एकता का प्रदर्शन तय है। यह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विरोधी दलों के लिए एक मंच से एकता दिखाने का बड़ा अवसर है।
नीतीश कुमार व तेजस्वी यादव के अलावा सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन व राष्ट्ररवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। विपक्षी एकता की मुहिम चला रहे मुख्य्मंत्री नीतीश कुमार के लिए भी यह आयोजन खास है। वहां एक ही जगह उनकी कई दिग्गजों से मुलाकात होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल एनडीए से अलग होने के बाद नीतीश कुमार ने भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की मुहिम देशभर में छेड़ दी है। इसके तहत बिहार के सीएम ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की थी।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की है। उनकी अंतिम मुलाकात महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे व शरद पवार से हुई है।
विदित हो कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटें हासिल की हैं। भाजपा केवल 66 पर सिमट गई। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) ने 19 सीटें हासिल की हैं।