जीतनराम मांझी बोले- मोदी है तो मुमकिन है, एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को हम का समर्थन

खबरें बिहार की जानकारी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के मुखिया जीतनराम मांजी ने एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग से दूसरी बार कोई राष्ट्रपति बनने जा रहा है। उन्होंने बीजेपी का शुक्रियादा करते हुए कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। कुछ दिन पहले ही मांझी ने कहा था कि उनका एनडीए में दम घुट रहा है।

देश में अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी ने मंगलवार रात द्रौपदी मुर्मू के नाम की एनडीए उम्मीदवार के रूप में घोषणा की। बिहार में पशुपति पारस की लोजपा और चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा की। बुधवार सुबह हम के प्रमुख जीतनराम मांझी ने भी ट्वीट कर कहा कि वे बीजेपी के इस फैसले का स्वागत करते हैं। एक आदिवासी नेता को सर्वोच्च पद पर भेजने के लिए उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की रहने वाली हैं और झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं।

बता दें कि जीतनराम मांझी का हिंदुस्तान आवाम मोर्चा बिहार में एनडीए का घटक दल है। हालांकि, अक्सर वह पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोलते रहते हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने कहा था कि एनडीए में उन्हें तवज्जो नहीं मिल रही और उनका दम घुट रहा है। इसके बाद बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *