हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि महिला वेटनरी डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या में शामिल चार में से दो आरोपियों ने पहले भी नौ महिलाओं को दुष्कर्म के बाद जलाकर मारा है। पूछताछ के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस के सामने यह बात कबूली थी।

27 नवंबर को चारों आरोपियों ने एक महिला पशु चिकित्सक को दुष्कर्म के बाद जलाकर मार डाला था। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद छह दिसंबर को जब पुलिस सभी को घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करने के लिए ले गई तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का वहीं एनकाउंटर कर दिया था।

आरोपियों से हुई पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर साइबराबाद पुलिस की एक टीम कर्नाटक में छानबीन कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चार आरोपियों मोहम्मद आरीफ, जे नवीन, जे शिवा और चेन्नाकेसावुलु ने दुष्कर्म के बाद हैदराबाद के बाहरी इलाके में पशु चिकित्सक को जला दिया था।

आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद हम महिलाओं से दुष्कर्म और जलाने के ऐसे 15 मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रहे थे। इनमें से कई मामले तेलंगाना और कर्नाटक हाईवे पर हुए थे। चार में से दो आरोपियों ने नौ अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसा ही करने की बात कबूली थी।