गया एयरपोर्ट से बिहार के हज यात्रियों की रवानगी पूरी हो गयी है। गुरुवार को दो विमान से 307 हज यात्री मक्का रवाना हो गए।
एक विमान सुबह व दूसरा विमान दोपहर में यात्रियों को लेकर रवाना हुआ। यात्रियों की रवानगी पूर्व निर्धारित समय से एक दिन पहले ही सभी यात्रियों के रवाना होने की वजह से पूरी हो गई।
अब इनकी वापसी 17 जुलाई से शुरू होगी जो 8 अगस्त तक चलेगी। जानकारी के अनुसार गया एयरपोर्ट से कुल 3459 यात्रियों को मक्का मदीना जाना था, लेकिन यहां से 3212 यात्री हीं जा सके।
यात्रियों में 1840 पुरुष और 1372 महिलाएं शामिल
जिला पदाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम ने कहा कि सात जून से हज यात्रा शुरू हुई थी। गया हवाई अड्डे से 3212 यात्री हज के लिए रवाना हुए हैं। यात्रियों में 1840 पुरुष व 1372 महिलाएं शामिल हैं।
नोडल पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि विगत वर्षों की तुलना में इस वर्ष कई विशेष सुविधाएं जिला प्रशासन के आदेश पर किए गए थे।
इस बार गया हवाई अड्डे पर महिला हज यात्रियों के लिए पहली बार महिला हेल्प डेस्क बनाया गया था, जिसमें महिला शिक्षकों की प्रति नियुक्ति की गई थी।
वे महिला यात्रियों की सेवा में लगी रही। इस बार रात्रि में ही हज यात्री पटना हज भवन से गया हवाई अड्डे पर पहुंच रहे थे, जिनके खाने से लेकर आवासन तक की व्यवस्था की गई थी।
पहली बार बने तीन पंडाल
पहली बार तीन पंडाल (दो छोटे और एक बड़ा जर्मन पंडाल) बनाया गया था। इसमें 500 से अधिक लोगों के विश्राम एवं प्रार्थना करने की जगह थी।
महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पंडाल थे। गर्मी और हिट वेब को देखते हुए पीने के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था काफी मात्रा में की गई थी।
जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं को देखकर हज यात्री भी काफी प्रसन्न थे, हज यात्रियों को छोड़ने आने वाले संबंधियों ने भी जिला प्रशासन के कार्य की सराहना की है।
उम्रदराज लोगों का रखा ख्याल
मधुबनी से आए मौलाना वसी बरकाती ने जिला प्रशासन की व्यवस्था पर कहा कि यहां की व्यवस्था में कुछ कमी नहीं है, खास बात यह है कि यहां की व्यवस्था में उम्रदराज लोगों का ख्याल रखा गया है।
जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के लिए जिला पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। हज यात्रियों ने कहा के जिला प्रशासन ने इस बार ऐसी व्यवस्था की थी कि उन्हें कहीं से भी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ा।
हज यात्रियों की सेवा में लगे सरकारी कर्मचारी एवं अधिकारी और रजकारों ने हज यात्रियों की श्रद्धा के साथ सेवा की है।
व्यवस्था की सराहना
बिहार हज कमेटी के चेयरमैन अब्दुल हक ने गया हवाई अड्डे पर जिला प्रशासन और गया एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की है।
चेयरमैन ने कहा कि उम्मीद से ज्यादा जिला प्रशासन ने यहां व्यवस्था की है इसके लिए जिला अधिकारी डा. त्यागराजन बधाई के पात्र हैं।