बिहार में गर्मी का सितम शुरू हो गया है। पटना में गुरुवार को गर्मी का 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया। इसे देखते हुए अब पटना के शिक्षण संस्थानों में शनिवार से सुबह 11.45 बजे तक ही पढ़ाई होगी।
जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए पटना डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने शुक्रवार को यह आदेश जारी किया है। डीएम ने अपने आदेश में कहा कि बढ़ती गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। इसलिए पटना के सभी स्कूल, प्री स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में 11.45 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाया जाए।
डीएम ने कहा कि इसके बाद स्कूलों में पढ़ाई-लिखाई प्रतिबंधित होगा। जिले के सभी विद्यालयों में प्रबंधक को निर्देश दिया जाता है कि वे उपरोक्त आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों के अपने समय का पुनर्निर्धारण करें।
बता दें कि पटना में गर्मी का 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पटना का अधिकतम तापमान गुरुवार को सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 13 अप्रैल 2011 को पटना का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक तापमान होने के कारण दोपहर में राजधानी की सड़कों पर चलना मुश्किल रहा। वहीं, आगामी पांच दिनों में बिहार में पटना सहित अन्य जिलों में पारा और चढ़ेगा।
पटना में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 15 अप्रैल से प्रदेश में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। येलो अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश में गर्मी का कहर और बढ़ने की बात कही है। शनिवार को बांका, जमुई और आसपास इलाके में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की है।