मई 2020 में महात्मा गांधी सेतु अपने नए स्वरूप में दिखेगा। दो चरण की इस योजना का पहला चरण नवंबर 2018 में पूरा होगा और पश्चिमी लेन पर यातायात शुरू हो जाएगा।
वहीं दूसरे चरण में पूर्वी लेन पर काम होगा जो मई 2020 में पूरा होगा। उसके बाद दोनों लेन पर गाड़ियां दौड़ने लगेंगी। चार लेन के इस सेतु के साथ दोनों किनारे पर पैदल यात्रियों के लिए अलग लेन होगा। 1382.20 करोड़ की इस परियोजना पर काम तेजी से चल रहा है।
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने शनिवार को हाजीपुर निर्माण साइट और बेस कैंप का निरीक्षण किया। गांधी सेतु के गड्ढों को भरने और लाइट लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि गांधी सेतु का जीर्णोद्धार देश में पहली परियोजना है जब किसी पुल का सुपर स्ट्रक्चर पूरी तरह बदला जा रहा है। निर्माण में लगे अधिकारियों ने बताया कि छह स्पैन को काटने का काम पूरा हो चुका है।