पटना में गंगा की धार अब तेज होने लगी है। हथुआ घाट के पाथवे पर पानी फैल गया है। यहां दीवार की ओर भी पानी का रिसाव होने लगा है। रविवार को महेंद्रू घाट अंटा घाट के बीच बीएन कॉलेज घाट के पाथवे पर पानी का फैलाव कम था।
लेकिन सोमवार को हथुआ घाट से पूरब की ओर आगे तक पानी का फैलाव हो गया। हालांकि गंगा नदी गांधी घाट पर अभी खतरे के निशान से 18 सेंटीमीटर नीचे है। सोमवार की शाम 6 बजे गांधी घाट पर जलस्तर 48.42 मीटर रहा। 24 घंटे में जलस्तर में सिर्फ 2 सेंटीमीटर वृद्धि हुई है।
पुनपुन नदी का पानी धीरे-धीरे घटने लगा है। गौरीचक और पुनपुन घाट में 12 घंटे में 22 से 60 सेंटीमीटर जलस्तर गिरा है। सुबह 6 बजे गौरीचक में पुनपुन का जलस्तर 50.86 मीटर था, जबकि शाम 6 बजे 50.64 मीटर दर्ज किया गया।
इसी तरह पुनपुन घाट पर सुबह 6 बजे 52.60 मीटर था और शाम 6 बजे यह घटकर 52.00 मीटर पर गया। जलस्तर घटने के बाद भी गौरीचक में पुनपुन का जलस्तर खतरे के निशान से 1.14 मीटर ऊपर है।