टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन महेन्द्र सिंह धोनी घर आते ही मेहमानों के स्वागत में जुट गए हैं। रांची में सात अक्टूबर को टी-20 मैच होना है। इसके लिए आस्ट्रेलिया की टीम रांची आ रही है। कैप्टन स्टीव स्मिथ सोमवार को ही रांची आ चुके हैं।
अपनी फिल्म के सिलसिले में बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर भी रांची में हैं। धोनी ने सोमवार की रात अनुपम खेर, स्टीव स्मिथ, मोसेस हेनरिक्स और टीम पेन को अपने फॉर्म हाउस पर डिनर पार्टी में इनवाइट किया। इस दौरान धोनी के क्लोज फ्रेंड्स भी मौजूद थे।
महेंद्र सिंह धोनी के ऊपर बनी फिल्म एमएस धोनी दि अनटोल्ड स्टोरी में अनुपम खेर ने धोनी के पिता पान सिंह का किरदार निभाया है। बीती रात करीब एक घंटे तक अनुपम खेर धोनी के सिमलिया स्थित फार्म हाउस पर रहे। इस दौरान अनुपम खेर फार्म भी घूमते नजर आए।
अनुपम खेर झारखंड फिल्म तकनीकी सलाहकार बोर्ड के चेयरमेन भी हैं। वो इन दिनों रांची में हैं। धोनी की डिनर पार्टी में शामिल होकर आस्ट्रेलियाई कैप्टन स्टीव स्मिथ, मोसेस हेनरिक्स और टीम पेन बेहद खुश नजर आए। इस दौरान माही के क्लोज फ्रेंड्स सीमांत लोहानी और राजीव मौजूद थे।