पटना: जीवन जीने के लिए इंसान को पैसे की जरूरत होती है। घर में सुख-समृद्धि बनी रहे इसके लिए कई प्रकार के वैदिक उपाय बताए गए हैं। धन कमाने के लिए कड़ी मेहनत के साथ-साथ शास्त्रों में बताए गए नियमों का पालन भी करना चाहिए। ऐसा करने पर कुंडली के ग्रह दोष खत्म हो जाते हैं और घर में मां लक्ष्मी का वास होता है। मां लक्ष्मी धन की देवी हैं इन्हें प्रसन्न करने के लिए लोग बहुत सारे जतन करते हैं।
चौखट पर दीया जलाना होता है शुभ वैदिक काल से ही मान्यता है कि धन की देवी महालक्ष्मी प्रतिदिन शाम के समय पृथ्वी का भ्रमण करती हैं और उस दौरान जो भक्त या श्रद्धालु धार्मिक कर्म द्वारा उन्हें प्रसन्न कर लेता है, उसे महादेवी की कृपा प्राप्त हो जाती है। जिस भक्त पर माता लक्ष्मी की कृपा होती है उसके घर में सभी सुख-सुविधाएं स्वत: ही उपलब्ध होने लग जाती है। इसी वजह से शाम के समय महादेवी के निमित्त घर की चौखट पर दीपक लगाना चाहिए।
घर की चौखट पर दीपक जलाने का भाव यही है कि महादेवी लक्ष्मी का स्वागत दीप जलाकर रोशनी से किया जाए। इस प्रकार प्रतिदिन किया जाना चाहिए। दीपक घी या तेल का स्वेच्छा अनुसार लगाया जा सकता है। प्राचीन काल से ही शाम के समय घर के बाहर दीपक लगाने की परंपरा चली आ रही है। इसके साथ ही घर का वातावरण भी सुगंधित और पवित्र होना चाहिए।
Source: Patrika News