मुजफ्फरपुर नगर थाना के कल्याणी चौक के निकट शनिवार की शाम एक युवक ने धार्मिक स्थल को अपवित्र कर दिया। उसे रोकने का प्रयास किया तो वह हाथापाई करने लगा। भीड़ जुटने पर वह वहां से भाग निकला। उसका पीछा करते हुए लोग उसके घर तक पहुंच गए। वह कमरे के अंदर रखे बड़े बक्से में जाकर छिप गया। उसे बाहर निकाल लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
युवक की पहचान कल्याणी बाड़ा दीवान रोड के मो.मोइद्दीन के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने उसे हिरासत में लेते हुए उपचार के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मोहल्ले के लोगों ने संयुक्त रूप से नगर थाना पुलिस को आवेदन सौंपा है। इसमें आरोपित पर धार्मिक उन्माद पैदा करने का आरोप लगाया गया है।
नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि धार्मिक स्थल को अपवित्र करने के आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में उसके साथ किसी अन्य के होने का साक्ष्य नहीं मिला है। घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
घटना को लेकर आक्रोश
धार्मिक स्थल को अपवित्र करने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कल्याणी चौक पर जुट गए। इसमें ज्यादातर युवक थे। युवकों ने आक्रोशित होकर वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। तनाव को देखते हुए क्यूआरटी व अन्य जवानों के साथ नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह वहां पहुंच कर कैंप कर रहे हैं। देर शाम तक वहां भारी तनाव बना रहा।
आरोपित के साथ था एक और युवक
आक्रोशित युवकों का आरोप था कि जानबूझकर धार्मिक स्थल को अपवित्र किया गया है। इन युवकों का दावा था कि आरोपित के साथ अन्य युवक भी साथ थ। एक स्थान से जब उसे भगाया गया तो वह दूसरे धार्मिक स्थल के निकट पहुंच गया। वहां भी उसने धार्मिक स्थल को अपवित्र कर दिया। आक्रोशित युवक आरोपित व उसके साथी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। बाद में स्थानीय लोग एवं थानाध्यक्ष के समझाने पर वे शांत हुए।