दुर्गा पूजा और दशहरा पर बिहार में सख्ती, सभी जिलों में 19 हजार जवान होंगे तैनात

आस्था जानकारी

र्गा पूजा और दशहरा के अवसर पर बिहार में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम होंगे। त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 19 हजार जवानों की तैनाती की जाएगी। सभी जिलों में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल और होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति का खाका तैयार कर लिया गया है। बुनियादी प्रशिक्षण हाल में पूरा करने वाले जिला पुलिस के करीब 9 हजार जवान ड्यूटी पर लगा भी दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक दुर्गापूजा के अवसर पर जिला पुलिस की मदद के लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 35 कंपनियों के अलावा हाल में ही बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर चुके 2000 जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा जिला बल के 8996 सिपाही भी कानून व्यवस्था की ड्यूटी में लगाए गए हैं। वहीं, केंद्र से अर्द्धसैनिक बल की मांग की गई है। अधिकारियों के मुताबिक 4-5 कंपनी मिलने के आसार हैं। इन्हें अत्यधिक संवेदनशील जिलों में तैनात किया जाएगा। लाठी पार्टी के साथ सशस्त्र बल की भी मौजूदगी रहेगी।

पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के अलावा दुर्गापूजा पर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी तादाद में होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। 4000 होमगार्ड इसके लिए मुहैया कराए गए हैं।

एक अक्टूबर से जवानों की होगी तैनाती

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्गापूजा के मद्देनजर अतिरिक्त बलों की तैनाती 1 अक्टूबर से कर दी जाएगी। ये जवान विभिन्न जिलों में 8 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे। इसके बाद अतिरिक्त बल वापस अपनी तैनाती वाले स्थान पर लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *