दूल्हे का सांवला रंग देख जयमाला स्टेज से उतर गई दुल्हन, शादी से किया इनकार; हाथ जोड़ते रह गए माता-पिता

खबरें बिहार की जानकारी

मामला एकचारी के रसलपुर गांव का है। गांव में सोमवार की रात बरात आई। ऐन जयमाला के वक्त ही दुल्हन ने दूल्हे को देखने के बाद शादी से इनकार कर दिया। लड़की ने दूल्हे की उम्र ज्यादा होने और उसके सांवला होने की बात कहकर स्टेज से उतर गई।

लड़की के इनकार से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। परिजनों ने दुल्हन को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन लड़की नहीं मानी। परिजन बेटी के सामने हाथ जोड़ते रहे लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। जिसके बाद बरात को बैरंग लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार धनोरा गांव से गाजे-बाजे के साथ रसलपुर बारात आई थी। लड़की के पिता ने इकलौती बेटी के विवाह में अपनी क्षमतानुसार बरात के स्वागत और खानपान की व्यवस्था की थी। घर और विवाह मंडप को बेहतरीन ठंग से सजाया गया था। लड़की भी दुल्हन के रूप में सज-संवर कर तैयार थी।

दुल्हन के स्टेज से उतरते ही छाया सन्नाटा

समधी मिलन की रस्म पूरी होने के बाद बरात का स्वागत-सत्कार किया गया। जयमाला के समय दुल्हन ने दूल्हे को देखा तो उसने शादी से मना कर दिया। दुल्हन के स्टेज से उतरते ही शादी के माहौल में सन्नाटा छा गया। मान-मनौव्वल का दौर चला लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।

छह महीने से चल रही थी शादी की तैयारी

दुल्हन के न मानने पर बरात बिना दुल्हन के ही रात को ही वापस लौट गई। विवाह रुकने पर लड़की के परिजनों में मायूसी छाई हुई है। जानकारी के अनुसार करीब छह महीने से दोनों पक्षों की ओर से शादी की तैयारी चल रही थी। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *