बंगाल की खाड़ी में सक्रिय तूफान सितरंग का असर पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र के साथ ही बिहार के कुछ जिलों में भी असर पड़ेगा। बिहार के उत्तरी और दक्षीण-पूर्वी भाग में दिवाली के दिन बारिश हो सकती है। सितरंग का आंशिक असर झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से में दिखाई देगा।
इन जिलों में होगी बारिश
इस चक्रवात के असर से बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई सहित 12 जिलों में रुक-रुक कर 48 घंटे तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। मौसम का असर तापमान पर भी दिखेगा। बिहार के विभिन्न हिस्से में तापमान में एक से तीन डिग्री के गिरावट होने के आसार हैं। इस दौरान दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री के आसपास और रात का तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में पिछले तीन दिनों से चक्रवाती हवा सक्रिय है, जो देर रात तूफान में परिवर्तन होने के आसार है। इसके प्रभाव से देश के दक्षिण हिस्से के साथ ही बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश होगी।
पटना के तापमान में चार डिग्री तक गिरावट के आसार
पटना में पिछले एक हफ्ते से देर रात से सुबह तक मौसम सर्द रहा है। पांच दिनों के दौरान दिन का तापमान 31 के आसपास और रात का तापमान 20 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक दीपावली से छठ तक दिन के तापमान में एक से दो डिग्री और रात के तापमान में एक से चार डिग्री गिरावट होने के आसार हैं। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। इससे शाम होने के बाद मौसम हल्का सर्द हो जाएगा।