प्रदेश में अब ठंड का सितम धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, रात में कनकनी बनी है।
मौसम विज्ञानी की मानें तो अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि होने से ठंड कम होगी। 26 जनवरी के बाद से मौसम सामान्य होने की संभावना है, जिससे ठंड से काफी राहत मिलने के आसार हैं। प्रदेश के उत्तर पूर्व भागों में घना कोहरे की प्रबलता बनी रहेगी, जबकि पटना समेत अन्य भागों में कोहरे का प्रभाव कम होगा।
मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो में गुरुवार का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंच गया। सर्दी के इस मौसम में न्यूनतम तापमान का यह आंकड़ा सबसे कम रहा। हालांकि, धूप खिलने से हल्की राहत मिली। वहीं दोपहर बाद तेज रफ्तार हवा से इलाका सिहर गया। इन सबके बीच गुरुवार को लगातार 24वें दिन शीतलहर का प्रकोप जारी रहा।
कोहरे में लिपटा रहा मुजफ्फरपुर
सुबह-शाम इलाका कोहरे में लिपटा रहा। शहर से लेकर गांव तक लोग अलाव जलाकर ठंड से निजात पाने में लगे रहे। उधर, मौसम विभाग के अनुसार अभी सर्दी का सितम जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच सकता है। शीतल हवाएं भी बहती रहेगी।
भागलपुर में न्यूनतम तापमान ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड
भागलपुर में भी मौसम में कुछ सुधार हुआ है। भागलपुर जिले में बीते दो दिनों से बेहतरीन धूप खिल रही है। वहीं कड़ाके की ठंड विदाई की तैयारी करने लगी है। धूप की वजह से तापमान बढ़ने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार को न्यूनतम तापमान ने 19 जनवरी के दिन का 13 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 21.4, न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। नौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी सुनिल कुमार ने बताया कि धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलेगा, ठंड का असर कम होगा। फिलवक्त रात का तापमान स्थिर रहेगा, हवा चलने पर ठंड लगेगी। दिन में धूप खिली रहेगी।