रांची: टीम इंडिया के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार को तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित देवड़ी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
उन्होंने मां से दीपावली पर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त दिखे। पुलिस के जवानों ने एमएस धोनी को सुरक्षा घेरे में ले रखा था। वहीं, एमएस धोनी को देखने के लिए मंदिर में फैन्स की काफी भीड़ दिखी। एमएस धोनी आज ही रांची से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे। 22 अक्टूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में पहला वनडे मैच खेला जाना है। अब नवंबर में धोनी रांची आएंगे।
बताते चलें कि एमएस धोनी सोमवार को ही अपने होम टाउन रांची पहुंचे थे। एमएस धोनी अक्सर देवड़ी मंदिर जाया करते हैं। दीपावली के मौके पर भी वो मंदिर में मत्था टेकना नहीं भूले और गुरुवार को देवड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। भारतीय क्रिकेट में सिलेक्शरन से पहले से भी धोनी यहां पूजा करने आते रहे हैं।