दिल्ली कैपिटल्स का मौजूदा आईपीएल में प्रदर्शन अब तक बेहद लचर रहा है। डेविड वॉर्नर के नेतृत्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने चार मैच खेले और सभी में उसे शिकस्त का सामना करना पड़ा है। दिल्ली अपना अगला मुकाबला शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी।
इस मुकाबले से पहले दिल्ली को राहत की खबर मिली है। स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श दोबारा फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ गए हैं और वो आरसीबी के खिलाफ मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। 6.5 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े मिचेल मार्श पिछले सप्ताह अपनी शादी के लिए स्वदेश लौट गए थे।
दिल्ली कैपिटल्स ने किया स्वागत
दिल्ली कैपिटल्स ने एक वीडियो शेयर करके मिचेल मार्श के दोबारा टीम से जुड़ने की जानकारी दी। वीडियो में नजर आ रहा है कि मिचेल मार्श ने अभ्यास के बाद अपनी शादी के बारे में बातचीत की। बता दें कि मिचेल मार्श ने 10 अप्रैल को अपनी गर्लफ्रेंड ग्रेटा मार्क के साथ शादी की थी। दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल मार्श का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ‘मिच मार्श लौट आए और जोश भरने के लिए तैयार हैं।’
पहली जीत की तलाश
दिल्ली कैपिटल्स की टीम मौजूदा आईपीएल में अपनी जीत की तलाश में होगी। दिल्ली के लिए हालांकि यह काम आसान नहीं होने वाला है क्योंकि उसे आरसीबी को उसके होमग्राउंड पर टक्कर देनी है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। वैसे, मिचेल मार्श भी इस मैच में अपनी फॉर्म तलाशना चाहेंगे। मार्श ने आईपीएल 2023 में अब तक दो मैच खेले और केवल 4 रन बनाए हैं और केवल एक विकेट लिया है।