कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का तीसरा चरण 3 फरवरी से, चौथे चरण में आ सकती हैं प्रियंका गांधी

कही-सुनी खबरें बिहार की राजनीति

बिहार कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का तीसरा चरण तीन फरवरी से सीतामढ़ी से प्रारंभ होगा। तीसरे चरण में कांग्रेस नेता लगातार आठ दिन चलेंगे और 10 फरवरी को हाजीपुर में आकर विराम लेंगे। चौथा चरण पटना से संभावित है। इसकी तारीखें अभी घोषित नहीं की गई हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से सहमति मिलने के बाद चौथे चरण का एलान होगा।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने तीन फरवरी से प्रारंभ यात्रा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। तीन फरवरी को कांग्रेस नेता डुमरा रोड स्थित एसके उत्सव पैलस नहर चौक में रात्रि विश्राम करने के बाद चार फरवरी को ललित आश्रम कांग्रेस भवन में झंडोत्तोलन के बाद यात्रा पर निकलेंगे। चार फरवरी को ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शिवहर पहुंचेगी। पांच को यह मोतिहारी पहुंचेगी। मोतिहारी में तीन दिन यात्रा भ्रमण करेगी।

सात फरवरी को साहेबगंज बार्डर पर राष्ट्रीय ध्वज का आदान-प्रदान किया जाएगा और यात्रा दिनभर साहेबगंज में रहेगी और यहीं रात्रि विश्राम भी होगा। आठ फरवरी को साहेबगंज में झंडोत्तोलन के बाद यहां से देवरिया बाजार होते हुए मानिकपुर में दोपहर का भोजन व विश्राम होगा। यहीं से आठ फरवरी को यात्रा वैशाली पहुंचेगी और महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा। तीनपुलवा चौक पर सभा भी होगी। वैशाली में ही एबीएस कालेज लालगंज में रात्रि विश्राम किया जाएगा।

नौ फरवरी को वैशाली से यात्रा वापस शुरू होगी और चंद्रालय से हाजीपुर में प्रवेश कर जाएगी। यहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। 10 फरवरी को हाजीपुर से अगमकुआं, पटना सिटी होते हुए पटना साहिब में गुरुद्वारे में दर्शन करने के बाद पटना साहिब से गायघाट, अशोक राजपथ होते हुए भगत सिंह की मूर्ति व बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद विराम लेगी। चौथा चरण पटना से ही शुरू होगा। लेकिन, इसके पूर्व पटना के गांधी मैदान में सभा होगी। इस सभा में प्रियंका गांधी को लाने का कार्यक्रम है। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष की प्रियंका गांधी वाड्रा से बात हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *