बिहार कांग्रेस की ओर से बुधवार को सदाकत आश्रम में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। दावत में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ जदयू, राजद, कांग्रेस, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के साथ ही वाम दलों के नेताओं का जुटान दिखा।
कांग्रेस पार्टी की इस इफ्तार पार्टी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव टोपी उतारते और बालों को संवारते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो में दिखाई देता है कि तेजस्वी यादव बात करते-करते अचानक से अपनी टोपी उतार देते हैं और फिर अपने बालों को संवारकर दोबारा से टोपी पहन लेते हैं।
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से करीब तीन साल बाद यह इफ्तार दावत आयोजित की गई थी। कोविड महामारी की वजह से तीन साल से दावत आयोजित नहीं हो पाई थी।
बुधवार को हुई दावत प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में हुई। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी मौजूद रहे।
इनके अलावा मंत्री विजय चौधरी, आलोक मेहता, लेशी सिंह, संजय झा, सुमित कुमार, आफाक आलम, अली अशरफ फातमी, जीतन राम मांझी, अब्दुल बारी सिद्दिकी, शिवानंद तिवारी, उमेश कुशवाहा, रामनरेश पांडेय समेत दूसरे दलों के अन्य दिग्गज नेता भी शामिल हुए।\
प्रदेश कांग्रेस की ओर से अतिथियों का स्वागत प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह ने किया। इस दौरान मंच पर बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास, प्रभारी सचिव अजय कपूर, मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, पार्टी के सभी विधायकों के साथ प्रवक्ता राजेश राठौड़, असितनाथ तिवारी, सत्येंद्र बहादुर, हरखू झा व कांग्रेस के दूसरे कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
विधान पार्षद गुलाम गौस के इफ्तार में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को विधान पार्षद गुलाम गौस के आवास पर आयोजित दावत-ए-इफ्तार में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री को गुलदस्ता, टोपी और साफा भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया।
इस कार्यक्रम में वित्त व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, सूचना एवं प्रावैधिकी मंत्री मो. ईसराइल मंसूरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, खालिद अनवर, पूर्व विधान पार्षद रोजिना नाजिश, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. अफजल अब्बास, बिहार राज्य सुननी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इरशादुल्लाह समेत अन्य लोग मौजूद थे।