मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास में छठ पूजा की धूम है। वहां उनकी भाभी गीता देवी, भतीजी सुनीता कुमारी, भांजे की पत्नी रेखा कुमारी एवं भांजी विभा कुमारी छठ व्रत कर रही हैं। सीएम नीतीश कुमार ने घर पर उगते सूर्य की अराधना की। सीएम ने इस मौके पर सूबे में अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी।
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वहां सायंकालीन अर्घ्य दिया। मुख्यमंत्री आवास में इस वर्ष छठ की छटा बिखरी हुई है। उन्होंने अपने आवास परिसर के बने स्वीमिंग पुल में अर्घ्य दिया। अस्थाई छठ घाट बनाया गया है।
यह स्वीमिंग पुल राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते समय सीएम आवास में बनाया गया था।सांध्यकालीन अर्घ्य देने के बाद मुख्यमंत्री पटना के गंगा घाटों का निरीक्षण करने निकल गए।
अब स्वच्छता व आत्मानुशासन सिखाता यह पर्व
इसके पहले गुधवार को मुख्यमंत्री ने कहा था कि छठ पर्व के दौरान हर व्यक्ति स्वच्छता पर नजर रखता है। बड़े स्तर पर आत्मानुशासन दिखता है इस दौरान। उन्होंने कहा कि मेरी समझ से तो यह प्रकृति और सूर्य की पूजा है। सूर्य पर ही सब कुछ निर्भर है। इससे ज्यादा जीवंत और विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं है।